बदमाशों की गोली से घायल होने के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती बैंक कर्मी।
- फोटो : mirzapur
बाइक सवार तीन बदमाशों ने देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर पहाड़ी पर मंगलवार की सुबह साढे़ नौ बजे इलाहाबाद बैंक शाखा लालगंज के कैशियर को गोली मार कर उसकी बाइक, बैग व मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। रास्ते से लौट रहे एक सिपाही ने घायल कैशियर को जिला चिकित्साल पहुंचाया। जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन चिकित्सालय पहुंचे और घायल का हाल जानने के बाद घटना स्थल का मौका मुआयना कर लोगों से पूछताछ की। उन्होंने देहात पुलिस क्राइम ब्रांच को घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया।
बिहार के गोपालगंज थाना क्षेत्र के मुरली गांव निवासी अखिलेश कुमार 26 वर्ष पुत्र प्रेम कुमार इलाहाबाद बैंक शाखा लालगंज में कैशियर के पद पर तैनात हैं।
वर्ष 2013 से कटरा कोतवाली क्षेत्र के सुरेखापुरम कालोनी निवासी व बैंक मैनेजर संतोष कुमार के मकान में कमरा लेकर किराये पर रहता है। बुधवार को वह सुबह नौ बजे नाश्ता कर बैंक के लिए निकला। सुबह करीब साढ़े नौ बजे कैशियर जैसे ही मिर्जापुर रीवा मार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचा कि पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने बाइक को ओवरटेक कर रोका।
दो बदमाशों ने तमंचा लहराते हुए उसका बैग तथा बाइक छीनने लगे। विरोध जताने पर कैशियर को मारापीटा। नहीं मानने पर उसके पैर में गोली मार दी और उसका बैग, बाइक तथा मोबाइल लेकर भाग निकले। हालांकि सूचना पर आसपास के लोग लालगंज की ओर लपके। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। जबकि एसपी के निर्देश पर पुलिस ने भी छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, बैंक कर्मियाें की माने तो बाइक सवार बदमाश लूट की नीयत से आए थे। उनके हावभाव बताने से लग रहा है वह काफी दिनों से अखिलेश की रेकी कर रहे थे। उन्हें यकीन हो गया था कि कैशियर अपने साथ कैश लेकर जाता है। इसलिए उन्होंने लूट की योजना बनाई होगी।