जिगना (मिर्जापुर)। थाना क्षेत्र के नरोइया जुड़ावनपुर में शुक्रवार की दोपहर एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई। जानकारी होने पर ग्रामीणों की मदद से उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत देख केंद्र प्रभारी ने उसे मंडलीय चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।
नरोईया जुड़ावनपुर निवासिनी मीरा देवी पत्नी राजेश कुमार बिंद (32) शुक्रवार को ग्यारह बजे दिन में घर के अंदर जलने लगी। चीख पुकार सुनकर पास पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह से आग बुझाकर उसके मायके वालों को सूचना दी। चाचा सहित आए कई लोगों की मौजूदगी जली अवस्था में मीरा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई पहुंचाया गया, जहां प्रभारी डा. मुकेश प्रसाद ने उसकी हालत देख मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों के बीच मीरा देवी अपने शराबी पति पर मिट्टी का तेल छिड़ककर जलाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी होने पर वरिष्ठ उप निरीक्षक सर्रोई स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और जानकारी लिये। थाना प्रभारी ने बताया कि मीरा देवी के चाचा सुजीत कुमार पुत्र हिंछलाल निवासी हेमपुर थाना मांडा प्रयागराज ने मौखिक रूप से सूचना दी है कि उसके पति ने जलाया है। इस मामले में अभी तक थाने में कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।