मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र से 11 अंतर्जनपदीय चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी में प्रयुक्त होने वाले औजार व पांच हजार से अधिक नकदी बरामद की गई है। इसका खुलासा पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को अपने कार्यालय मेें पत्रकारों के समक्ष किया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात तकरीबन सवा नौ बजे विंध्याचल के कंतित श्मशान घाट के पास से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनसे हुई पूछताछ के बाद मिली सूचना पर रात के दो बजे गुदारा घाट के पास पांच और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि यह शातिर चोरों का गैंग है जो मेला या सार्वजनिक स्थानों पर जाकर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। इनके पास से पेचकस, पिलाश, लोहे की सुम्मी, चाभी का गुच्छा जैसे औजार बरामद हुए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस गैंग में शामिल लोग जोधपुर, जयपुर, गोंडा, बहराइच, फैजाबाद आदि जनपदों से ताल्लुक रखते हैं और सार्वजनिक आयोजन वाली जगहों पर जाकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनके बारे में पूरी जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसपी सिटी व सीओ नगर को निर्देशित किया गया था। इनके पर्यवेक्षण में अपराध शाखा की स्वाट टीम व विंध्याचल पुलिस को लगाया गया था। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की।