ड्रमंडगंज। हलिया के पूर्व ब्लाक प्रमुख समेत तीन पर पति का अपहरण करने के आरोप में केस दर्ज कराने वाली महिला 24 घंटे बाद ही अपने बयान से मुकर गई। दूसरे दिन शनिवार को महिला ने लालगंज पुलिस को दूसरी तहरीर देकर कहा कि उसके क्षेत्र पंचायत सदस्य पति का पूर्व ब्लाक प्रमुख समेत तीन लोगों ने अपहरण नहीं किया है बल्कि वह विपक्षी के बहकाए में आकर इनके खिलाफ तहरीर दे दी थी। वह तीनों पर किसी तरह का मुकदमा दर्ज कराना नहीं चाहती है।
लालगंज थाना क्षेत्र के ददरी गांव निवासिनी उर्मिला देवी पत्नी बसंत लाल ने शुक्रवार को हलिया थाना में तहरीर देकर कहा था कि उसके पति बसंत लाल क्षेत्र पंचायत सदस्य ददरी को पूर्व प्रमुख ज्ञानेंद्र सिंह, सुरेश दुबे व लवकुश त्रिपाठी ने अगवा कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। शनिवार को उर्मिला अपने पति क्षेत्र पंचायत सदस्य बसंत लाल के साथ थाने पर पहुंची और दूसरी तहरीर देकर बताया कि उसने आरोपियों के विरुद्घ किसी के बहकाए में आकर मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि पूर्व ब्लाक प्रमुख के विपक्षी ने उनको ऐसा करने के लिए कहा था। इसके चलते उसने पूर्व ब्लाक प्रमुख समेत तीनों के विरुद्घ तहरीर दे दी था। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य ने भी तहरीर दिया कि उसे अगवा नहीं किया गया था, बल्कि वह ससुराल गए थे। उसने तहरीर में लिखा है कि अब वह कोई कानूनी कार्यवाही कराना नहीं चाहता है।