हलिया। थाना क्षेत्र के ऊंटी गांव में शुक्रवार को कुएं में गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई। महिला गांव में ही स्थित एक रिश्तेदार के घर नई बहू को देखने जा रही थी कि इसी दौरान पैर फिसलने से वह अपनी आठ माह की बेटी के साथ कुएं में जा गिरी थी। होली के दिन देर रात घटना की जानकारी होने पर त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने मां-बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ऊंटी गांव निवासी शिवशंकर की पत्नी कविता (22) अपनी आठ माह की बेटी बिट्टी को गोद में लेकर शुक्रवार को गांव में ही एक रिश्तेदार के घर आई नई बहू को देखने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक महिला जब वापस घर नहीं लौटी तो परिजन उसकी खोजने लगे। देर रात महिला और उसकी बेटी का शव रास्ते में स्थित कुएं में उतराया हुआ मिला। परिवार के लोगों ने मां-बेटी को कुएं से निकाला। महिला के पिता राममूरत ने सौ नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों तथा पुलिस के मुताबिक कविता पैर फिसलने के कारण रास्ते से सटे कुएं में गिर गई होगी। कविता का मायका थाना क्षेत्र के ही सोनगढ़ा गांव में है। उसकी दो वर्ष पहले ही शादी हुई थी।