मिर्जापुर। आरपीएफ एवं आरपीएफ की सीआईबी इलाहाबाद की संयुक्त टीम ने विंध्याचल रेलवे स्टेशन के पास गत दिनों चोरी हुए 47 पेंडाल क्लिप को देहात कोतवाली क्षेत्र के आमघाट के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान से बरामद कर लिया। आरपीएफ ने कबाड़ी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ चोरी का माल रखने के आरोप में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया।
आरपीएफ कंपनी कमांडर सत्येंद्र कुमार यादव एवं सीबीआई इलाहाबाद अविनाश शंकर की टीम विंध्याचल रेलवे स्टेशन के पास गत दिनों खंभा नंबर 741 के पास से चोरी हुए 47 पेंडाल क्लिप की जांच कर रही थी। शुक्रवार को सूचना मिली कि देहात कोतवाली क्षेत्र के आमघाट रेलवे क्रासिंग के पास स्थित एक कबाड़ी की दुकान में चोरी किए गए पेंडाल क्लिप को रखा गया है। जानकारी होते ही टीम वहां पहुंचकर दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से 200 पेंडाल क्लिप, दो जौगल तथा एक कटा हुआ गाटर का टुकड़ा आदि सामान बरामद हुआ। टीम ने कबाड़ी राजेश कुमार तिवारी निवासी बैसुखिया देहात कोतवाली को गिरफ्तार कर उसके विरुद्घ रेलवे एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दो युवकों ने उसके पास गत दिनों पेंडाल क्लिप बेचा था। वह कहां के थे, इस बारे में उसे पता नहीं है। टीम ने कहा कि पेंडाल क्लिप की चोरी करने वालों आरोपियों की तलाश की जा रही है।