अहरौरा । पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने 25 हजार के इनामी बदमाश खोतवा पहाड़ निवासी शिवकुमार साहनी एवं उसके साथी बदमाश राकेश जायसवाल को मंगलवार की सुबह दुर्गा जी के पहाड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनामी बदमाश हत्या, लूट, छिनैती, चोरी जैसे 23 मुकदमों में जबकि उसका साथी चंदौली निवासी राकेश जायसवाल 15 मामलों में वांछित है। दोनों आरोपियों को अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन में मीडिया के सामने पेश किया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस शिवकुमार के घर कुर्की की कार्रवाई कर चुकी है।
मंगलवार की सुबह आठ बजे मुखबिर द्वारा अहरौरा पुलिस को सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश शिवकुमार अपने एक साथी के साथ दुर्गा जी के पहाड़ के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में लगा हुआ है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और अहरौरा पुलिस ने दुर्गाजी पहाड़ के समीप घेराबंदी करते हुए उन्हें पकड़ लिया और थाने ले आई। पूछताछ में शिवकुमार ने साथी की पहचान चंदौली जनपद के इलिया, बरौझा निवासी राकेश जायसवाल के रूप में बताया। पुलिस ने राकेश को और शिवकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल अजय कुमार सिंह ने बताया कि शिवकुमार पर 23 और राकेश पर 15 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अहरौरा मनोज ठाकुर, क्राइम ब्रांच प्रभारी राम स्वरूप वर्मा, एसएसआई केदार कुशवाहा, एसआई विमलेश सिंह, कवीन्द्र यादव, सुमित सिंह, अखिलेश सिंह, देवानंद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।