ड्रमंडगंज। मध्य प्रदेश से सीमेंट लादकर वाराणसी जा रहा एक ट्रक गुरुवार रात्रि अनियंत्रित होकर हलिया थाना क्षेत्र के ड्रमंडगंज घाटी से पांच सौ फीट खाई में जा गिरा। खाई में ट्रक जाते देख चालक ने केबिन से तत्काल कूदकर अपनी जान बचाई। उधर, पीछे आ रहे टक के चालक ने आगे चल रहे ट्रक को खाई गिरते देख अचानक ब्रेक लगा दिया जिससे उसके पीछे पीछे आ रहा ट्रक टकरा गया। दोनों ट्रकों के बीच टक्कर होने के कारण मिर्जापुर-रीवा मार्ग पर छह बजे तक जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने अथक प्रयास करके सड़क को वन-वे कराकर आवागमन शुरू कराया।
मध्य प्रदेश के हनुमना निवासी चालक रामरूप (40) अपने ट्रक पर मध्य प्रदेश के सतना से सीमेंट लादकर वाराणसी जा रहा था। जैसे ही ड्रमंडगंज घाटी के बरम बाबा के पास पहुंचा था कि ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर घाटी से पांच सौ फीट नीचे खाई में गिर गया। खाई में ट्रक को जाते देख चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि इस दौरान वह घायल हो गया। उसे नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो अन्य ट्रक भी मध्य प्रदेश की ओर से आ रहे थे लेकिन आगे चल रहे ट्रक को खाई में जाते देख अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे दोनों आपस में भिड़ गए। इससे मिर्जापुर-रीवा मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग जाम हो गया और पांच किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गई। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक हलिया विश्व ज्योति राय ने राष्ट्रीय राजमार्ग को वनवे कराकर आवागमन शुरू कराया।
अनियंत्रित ट्रक खाई में गिरा, चालक ने कूद कर बचाई जान