चुनार,जमुई। चुनार कोतवाली क्षेत्र के जमुई बाजार के पास ट्रक की चपेट में आने से शनिवार की दोपहर एक बजे बाइक सवार पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र घायल हो गया। घायल पुत्र को सीएचसी चचेरी मोड़ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद पुत्र को छोड़ दिया गया। बेटे ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के चितरहा गांव निवासी जियुत साहनी 60 वर्ष अपने बेटे कैलाश साहनी 25 वर्ष के साथ घर से जमुई बाजार आ रहा था। शनिवार की दोपहर एक बजे बाइक सवार पिता पुत्र जैसे ही मिर्जापुर वाराणसी राजमार्ग मार्ग गौरव ईट भट्ठे के सामने पहुंचे तो वाराणसी से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे जियुत साहनी ट्रक के पहिये के नीचे आ गए और उनकी कुचल कर घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पुत्र दूर गिरने के कारण घायल ही हुआ। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने घायल पुत्र को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवक का उपचार करने के बाद छोड़ दिया। बताते चलें कि वाराणसी मिर्जापुर मार्ग पर चुनार जमुई का इलाका दुर्घटना जोन बन गया है। अभी हाल में ही वाराणसी निवासी एक क्रशर संचालक की ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई थी। सड़क के कम चौड़ा होने से पास लेने के प्रयास में बड़े वाहन छोटे वाहनों के ऊपर चढ़ जा रहे हैं। यहां वाहनों की रफ्तार पर भी अंकुश नहीं लगा पाने के कारण दुर्घटनाओं की संख्या बढती चली जा रही है।