लालगंज। थाना क्षेत्र के लहंगपुर बामी गांव स्थित कर्बला के पास शनिवार की दोपहर एक बजे शिफ्ट डिजायर कार का अगला टायर फट जाने से कार सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से टकरा गई। जिसमें कार सवार पापर्टी डीलर की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पापर्टी डीलर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार सभी मिर्जापुर से मध्य प्रदेश के जबलपुर अपने घर जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भेजवाया। जहां हालत गंभीर होने पर दो को बीएचयू के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जबलपुर जिला के थाना बेलबाग क्षेत्र के गालरगंज निवासी अनीस अहमद (45) पापर्टी डीलर हैं। उनकी ससुराल मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के इमलहा मोहल्ले में है। शुक्रवार को अनीस अपनी पत्नी पिंकी (43), बड़ी बेटी आफरीन (15) व छोटी बेटी एकरा पांच वर्ष के साथ अपने ससुराल आये थे। शनिवार की दोपहर एक बजे वह अपने घर के लिए निकले थे। कार जैसे ही लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर बामी गांव कर्बला के पास पहुंची कि गाड़ी का अगला एक टायर फट गया। जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से टकरा गई। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार में फंसे सभी को बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने पिंकी उर्फ शबीना को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनीस और उसकी बड़ी बेटी आफरानी की हालत गंभीर होने पर बीएचयू रेफर कर दिया गया।