जिगना। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को तकनीकी टीम ने छानबे विकास खंड के ग्राम पंचायत तिलई मौआर व रामपुर हंसवार में हुई शिकायतों की जांच की। इस दौरान शिकायकर्ता व ग्राम प्रधान पक्ष न सिर्फ आमने सामने हो गए बल्कि वे एक दूसरे से बीच बीच में उलझते रहे। लोगों ने बीच बचाव कर किसी तरह मामले को शांत किया तब जाकर जांच की कार्रवाई आगे बढ़ी।
बाणसागर के सहायक अभियंता जी एस श्रीवास्तव व समाज कल्याण विभाग के प्रधान सहायक प्रमोद श्रीवास्तव सुबह तिलई मौआर पहुंच कर इंटरलाकिंग, खड़ंजा सहित अन्य शिकायतों में गुणवत्ता की जांच की। मौके पर शिकायत कर्ता पक्ष व प्रधान पक्ष के मौके पर वाद विवाद व नोकझोंक करने लगे। रामपुर हंसवार के सरोज बस्ती व ठाकुर बस्ती में बने इंटरलॉकिंग व खडंजा को उखड़वा कर तकनीकी टीम ने गुणवत्ता की जांच की। मौके पर ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी से स्टीमेट आदि तलब किया। टीम ने शिकायत के अन्य बिंदुओं में शामिल शौचालय आदि की भी जांच पड़ताल की। जांच टीम ने कहा कि तीन दिन के भीतर जांच आख्या जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी। इस दौरान शिकायतकर्ता भूपेन्द्र सिंह व प्रधान राजेश कुमार बिंद के समर्थक मौजूद रहे।