दुर्घटना के बाद मिर्जापुर-रीवा मार्ग पर जाम लगाते ग्रामीण
लालगंज। क्षेत्र के बाबू उपरौंध इंटर कॉलेज पुलिया के पास बुधवार की दोपहर ट्रक से कुचल कर बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं पहने था। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और जाम लगा दिया। करीब सात घंटे तक लगे जाम के दौरान मिर्जापुर-रीवा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गईं। पुलिस ने शाम को ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया।
लालगंज बाजार निवासी रतन सोनी (29) पुत्र स्व. कैलाश सोनी बुधवार को किसी काम से बाइक से बाजार जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही वह बापू उपरौध इंटर कॉलेज के आगे पुलिया के पास पहुंचा कि पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद रतन सोनी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। सड़क पर गिरते ही उसके पीछे आ रहे दूसरे ट्रक ने युवक को रौंद दिया जिससे घटना स्थल पर ही रतन सोनी की मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया गया। चक्काजाम के कारण मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष पीके यादव ने बाजारवासियों से बाजार में सड़क ब्रेकर बनवाने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया।