हलिया। थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव में बुधवार की रात बारात में आए बालक का अपहरण कर भाग रहे बदमाश की ग्रामीणों ने पकड़ कर पिटाई कर दी। बदमाश के असलहाधारी साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाकर बदमाश को उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने बदमाश के पास से चाकू, कैंची और मादक पदार्थ बरामद किया। घटना के कुछ देर पहले तीन बदमाश गांव के एक महिला के घर पानी मांगने गए थे। उनके साथ तीन बच्चे भी थे। पानी पिलाते समय बच्चे ने शोर मचाया तो बदमाश महिला को धमकाते हुए फरार हो गए।
सोनगढ़ा गांव में बुुधवार की देर रात 12 बजे तीन असलहाधारी शंकर कोल के घर पहुंचे। शंकर शादी में गया था, घर पर उसकी पत्नी पत्नी पार्वती सोई थी। पार्वती के पास पहुंचकर तीनों असलहाधारियों ने उसे जगाकर पानी मांगा। पार्वती की नींद खुली तो अज्ञात असलहाधारियों को देखकर चौंक गई। उसने बगल में रखे बाल्टी में पानी लाकर उसे दिया। असलहाधारियों ने बोतल में पानी भरकर साथ में तीन बच्चो का नकाब हटाकर पानी पिलाया। तभी एक बच्चे ने महिला को मौसी कहकर पुकारा। महिला उसे पहचान नहीं पाई। तब तक बदमाश बच्चे का मुह कपड़े से बांधकर महिला को धमकाते हुए वहां से भाग निकले। पार्वती के घर से कूछ ही दूरी पर कृपाल कोल के यहां बरात आई थी। राम में मवई कला निवासी कृपाल की बहन मालती का आठ वर्षीय पुत्र अर्जुन लघुशंका के लिए उठा। इस दौरान एक बदमाश उसे पकड़कर भागने लगा। इस पर बच्चे ने शोर मचाया। बच्चे की चीख सुनकर ग्रामीणों ने बदमाश को पीछा कर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बच्चा लेकर भाग रहे युवक की जमकर पिटाई की। सूचना पर पीआरवीकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपित युवक को लेकर चले गए। आरोपित ने ग्रामीणो को अपना नाम लालजी निवासी नैठयानाला हनुमना मध्य प्रदेश बताया था। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी लालगंज प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपित पुलिस की हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द की पुलिस मामले का खुलासा करेगी। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से असलहाधारी बदमाश गांव में दिखाई दे रहे है। इसकी सूचना पुलिस को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।