पड़री। थाना क्षेत्र के झिंगुरा गांव के पास ट्रेन से कटकर मंगलवार की शाम 23 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराई तो युवक की शिनाख्त सूरज पुत्र रामहिंछ निवासी झिंगुरा के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
झिंगुरा गांव निवासी सूरज 23 वर्ष पुत्र रामहिंछ की एक साल पूर्व शादी हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। वह मुंबई में एक निजी कंपनी में काम करता था। कुछ दिन पहले ही कंपनी से छुट्टी लेकर घर आया था। मंगलवार की शाम घर से गांव में टहलने के लिए निकला था। इसके बाद नहीं लौटा। शाम करीब सात साढ़े सात बजे खेतों में धान की फसल लगाकर लौट रहे गांव के लोगों ने रेलवे लाइन पर शव देखा। जानकारी होते ही सूरज के परिजन वहां पहुंचे तो वहां सूरज का ही शव मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजनों ने बताया कि युवक कैसे रेलवे लाइन पर पहुंचा इसके बारे में किसी को पता नहीं है। घर पर कोई ऐसी बात भी नहीं हुई जिससे वह आत्महत्या करने जैसा कदम उठा ले। ऐसा कैसे हुआ किसी को पता नहीं है। पड़री थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि घटना की वजह की जांच की जा रही है।