राजगढ़। मड़िहान तहसील क्षेत्र में जीवित महिला को मृतदिखा कर पति की ओर से वरासत दर्ज कराने के मामले तहसीलदार मड़िहान रामजीत मौर्य ने लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम को रिपोर्ट भेजी है। साथ ही उन्होंने गलत वरासत कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करने की बात थानाध्यक्ष से कही है।
मड़िहान थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव निवासी सद्दीक का अपनी पत्नी सैनब से विवाद हो गया। इसके बाद वह पति से नाराज होकर मायके चली गई। पति सद्दीक ने अपने दोनों बच्चों बबलू व कल्लू को लेकर तहसील पहुंचा और लेखपाल को बताया कि उसकी पत्नी का निधन हो चुका है, लिहाजा उसके नाम की जमीन पर अपने व बच्चों के नाम वरासत की जाए। लेखपाल ने बिना जांचे परखे वरासत दर्ज कर लिया। इसकी जानकारी जब सैनब को जानकारी हुए तो उसने तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। मड़िहान तहसीलदार रामजीत मौर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय में वाद दाखिल किया। उन्होंने लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम एस यादव को रिपोर्ट भेजी है। साथ ही 35 दिन के अंदर शिकायत कर्ता सैनब का नाम पुन: अंकित करने का निर्देश दिया है।