अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों ने फांसी लगाकर जान दे दी। कालिंजर में बीमारी से परेशान बुजुर्ग ने फांसी लगा ली, जबकि पत्नी से विवाद पर तिंदवारा गांव के मजरा हनुमंत पुरवा में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव के मजरा हनुमंत पुरवा में धमेंद्र सिंह (30) पुत्र महिपाल सिंह ने शनिवार की दोपहर बंद कमरे में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई विकास ने बताया कि पत्नी संता देवी से घरेलू किसी बात पर विवाद हुआ था। इसी से क्षुब्ध होकर फांसी लगा ली। मृतक धमेंद्र तिंदवारा स्थित पाइप फैक्ट्री में मजदूरी करता था। उसके एक पुत्र निखिल व पुत्री खुशी है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। उधर, दूसरी घटना में ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग में चौबे महल के सामने मजार के पास शनिवार की सुबह पेड़ पर अज्ञात वृद्ध का शव रस्सी से टंगा मिला।
पुरातत्व विभाग के सिक्योरिटी गार्डों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव के पास मिले दवाई के पर्चों से उसकी शिनाख्त पुकारी गांव के मंसूर अहमद (65) के रूप में की। मृतक के पुत्र लल्लू ने बताया कि पिता काफी दिन से बीमार थे। शुक्रवार को वह बांदा दवाई लेने जाने की बात कहकर गए थे। थाना प्रभारी बालेंद्र गौतम ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या ही प्रतीत हो रही है। जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।