मिर्जापुर। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीवी रामाशास्त्री ने विंध्याचल परिक्षेत्र के चंदईपुर स्थित परिक्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को परिक्षेत्र के तीनों जनपदों मिर्जापुर, भदोही व सोनभद्र के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने तीनों जनपदों की कानून व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही नक्सल उन्मूलन संबंधी कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की।
एडीजी वाराणसी जोन ने तीनों जनपदों में महिला संबंधी अपराध, अनुसूचित जाति ,अनुसूचित जनजाति से संबंधित अपराध, निरोधात्मक कार्यवाही, यातायात व्यवस्था, लंबित विवेचना, थाना दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की कार्रवाई, अपराधियों व माफिया और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी ली। एंटी रोमियो स्क्वाएड, फुट पेट्रोलिंग, डायल 100, आगामी त्योहार शिवरात्रि व होली को सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही जनपदों में कानून व्यवस्था बनाए रखने व अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बैठ में पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र विंध्याचल विजय सिंह मीणा सहित तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षक व राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।