अमर उजाला ब्यूरो
भट्टूकलां। भट्टूकलां में एक व्यक्ति को प्लॉट देने के नाम पर उससे लाखों रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। भट्टूकलां थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर हिसार के धांसू गांव निवासी मां-बेटे पर धोखाधड़ी का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में भट्टूकलां निवासी रमेश ने बताया कि उसने अपने दो भाईयों के साथ मिलकर माडल टाऊन में एक प्लॉट सरजीत व सुरेश से 80 लाख रुपये में खरीदना तय किया था। यह प्लॉट सरजीत की पत्नी सुमन व सुरेश की माता मानता देवी के नाम रजिस्टर्ड था। इन लोगों ने एक फाइनेंस कंपनी से हाउस लोन ले रखा था। सुरेश व मानता देवी ने इस लोन की राशि को चुकाने के लिए उनसे 34 लाख 72 हजार रुपये ले लिए। सुमन ने तो अपने हिस्से के प्लॉट की रजिस्ट्री उसके भाई रोशनलाल के नाम करवा दी है। लेकिन मानता व उसका पुत्र सुरेश ने कहा कि उन्हें रुपये दे दो ताकि वे होम लोन भरकर एनओसी ला सके। लेकिन रुपये देने के बावजूद भी इन लोगों ने न तो उन्हें एनओसी लाकर दी है और न ही रजिस्ट्री करवाई है। पुलिस ने इस आरोप में हिसार जिले के गांव धांसू निवासी सुरेश पुत्र बलबीर व मानता पत्नी बलबीर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।