मिर्जापुर,पड़री। पड़री थाना क्षेत्र के अघवार आमघाट के बीच 24 दिसंबर की रात हुई लूटकांड की साजिश वाहन चालकों ने ही अपने साथियों के साथ मिल कर रची थी। पुलाॉस ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को अघवार चौराहे से पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए इनके पास से लूटे गए चार लाख 10,680 रुपये, बोलेरो एवं मोबइल को बरामद कर लिया। सभी के विरुद्घ लूट समेत अन्य आरोपों में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। यह बात घटना का खुलासा करते हुए सीओ सदर बृजेश तिवारी ने पुलिस लाइन में मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताई।
उन्होंने बताया कि कटरा कोतवाली क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया लोहंदी रोड पर तुली रिर्सोट एंड वीडिंग फार्म कंपनी है। तीन पिकअप चूजा लादकर 23 दिसंबर को बिहार के समस्तीपुर में सप्लाई करने गई थी। 24 दिसंबर को बैंक बंद होने के कारण दुकानदारों ने चूजे सप्लाई का चार लाख 62 हजार रुपया कैश चालकों केे दे दिया। जिसको लेकर यह लोग आ रहे थे। एक गाड़ी को चालक उमेश पाठ व महेंद्र तथा दूसरी गाड़ी को अनुज व चंद्रलेश और तीसरी गाड़ी को अकेले श्यामपाल चला रहा था। रास्ते में एक गाड़ी को चला रहा चालक अनुज और चंदन की नियत खराब हो गई। दोनों ने मिलकर तत्काल लूट की साजिश रची। साजिश में अपने साथी नान्हक बिंद निवासी अघवार पड़री, पंकज मौर्या निवासी चकेसर पड़री तथा धीरेंद्र मौर्या निवासी चपगहना पड़री को भी शामिल कर लिया। दोनों चालक लगातार अपने मोबाइल से लुटेरों को लोकेशन देते रहे। 24 दिसंबर की भोर में जैसे ही पड़री के अघवार आमघाट के पास पहुंचे कि नान्हक, पंकज और धीरेंद्र किराए की पिकअप कर उनके पास पहुंचे और गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। तमंचे के बल पर अनुज और चंदन के पास से चार लाख 62 हजार रुपया लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद चालक पुलिस को लूट की सूचना देने की बजाय वाहन मालिक के पहुंच गए। कंपनी के मैनेजर शिवकृष्ण ने पुलिस को सूचना दी। छानबीन के दौरान पुलिस को चालकों की कार्यशैली पर शक हुआ तो दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने चालक अनुज चंदन के निशानदेही पर नान्हक पंकज और धीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर लूटे गए चार लाख 62 हजार में से चार लाख दस हजार 680 रुपये बरामद कर लिया जबकि अन्य पैसा इन लोगों ने पार्टी मनाने में खर्च कर दिया। अपराधियों को गिरफ्तार करने वाले टीम में थानाध्यक्ष पड़री विश्वज्योति राय,एसएसआई धनंजय पांडेय,एस आई रामज्ञान यादव, कांस्टेबल सीताराम यादव व प्रमोद यादव समेत अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे। एसपी की ओर से टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम दिया गया है।