राजगढ़। चुनार-राजगढ़ मार्ग पर इंद्रानगर के पास ट्रैक्टर की ट्राली अनियंत्रित होने पर उस पर सवार दो किशोर शनिवार को गिर गए। ट्राली के चक्के के नीचे आने से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी राजगढ़ में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मड़िहान थाना क्षेत्र के हिनौता गांव निवासी नित्यानन्द सिंह पटेल उर्फ पपलू का पुत्र अंकित सिंह पटेल उर्फ पारुल (16) अपने साथी राहुल पटेल (18) और अन्य साथियों के साथ चुनार के सिद्धनाथ की दरी पर शनिवार को पिकनिक मनाने गया था। शाम को लौटते समय बाइक में पेट्रोल समाप्त होने पर एक ट्रैक्टर की ट्राली पर अपनी बाइक लादकर दोनों बाइक पर ही बैठ गए। शाम करीब छह बजे चुनार राजगढ़ मार्ग पर इंद्रानगर के पास एक आटो रिक्शा को बचाने में ट्रैक्टर के अनियंत्रित हो जाने से राहुल व अंकित ट्राली के नीचे गिर गए। राहुल ट्राली से दूर गिरने के कारण घायल हो गया। वहीं अंकित ट्राली के चक्के के नीचे आ गया जिससे बुरी तरह से जख्मी हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीण जब तब उसे चिकित्सालय ले जाते तब तक वह दम तोड़ चुका था। लोगों की सूचना पर परिवार के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि नित्यानंद को तीन लड़के थे। अंकित ही बड़ा लड़का था। बडे़ बेटे की मौत की खबर पाकर परिवार के लोगों में कोहराम मच गया।