चुनार। मोबाइल चोरी के आरोप में थाने लाया गया आरोपी पुलिस को चकमा दे कर थाने से फरार हो गया। जिससे पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए और वह फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पूरी रात मशक्कत करते रहे लेकिन वह उनके हाथ नहीं आया। इससे पुलिसिया कार्रवाई पर अंगुलियां उठनी शुरू हो गई हैं।
क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार उत्तम ने बताया कि कोतवाली चुनार के गोरइंया सीखड़ इलाके में चोरी के आरोप में एक युवक को पुलिस थाने ले आई थी, जिसे मुंशी के पास बैठाया गया था, जो मौका देख कर फरार हो गया है। उसे जल्द ही पुलिस गिरफ्तार कर लेगी। बताया जा रहा है कि अभी आरोपी के खिलाफ कोई खिला पढ़ी नहीं की गई थी जिसकी वजह से उसे हवालात में नहीं डालाया गया था।
पुलिस की इसी लापरवाही का फायदा उठाते हुए वह वहां से फरार हो गया। विगत दो माह में थाने में बिठये गए दो और अन्य आरोपी भी पुलिस की आंख में धूल झोंक कर थाना परिसर से भाग चुके हैं। हालांकि पुलिस ने मशक्कत के बाद उनको दोबारा अपने गिरफ्त में ले लिया था।