चुनार। थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूघाट स्थित पक्का पुल से रविवार को एक युवक गंगा में कूद गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों संग युवक को तलाशने की कोशिश की लेकिन पता नहंी चला। मरने वाला युवक धौहा स्थित एक सरिया फैक्ट्री में काम करता था। 23 अप्रैल को उसकी शादी होनी थी। रविवार की भोर में पक्का पुल से आते जाते लोगों ने पुल पर एक बाइक को लावारिस हाल में देखा जो पुल की रेलिंग से बंधी थी। राहगीरों ने इसकी जानकारी घाट पर मौजूद लोगों को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुल पर बाइक खड़ी कर किसी व्यक्ति के गंगा में छलांग लगाये जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन शुरू कर की। इसी बीच बाइक में लटका हुआ एक छोटा सा बैग दिखायी पड़ा, जिसे पुलिस ने खोलकर देखा तो उसमें बाइक की चाभी व एक छोटे कागज के टुकड़े पर सूसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था कि मैं गंगा में कूदकर आत्महत्या कर रहा हूँ। घटना के बाद सुबह लगभग सात बजे कृयात क्षेत्र से कुछ मजदूर काम करने के लिए धौहा फैक्ट्री जा रहे थे जो बाइक देख पहचान गये। मजदूर बहेरा जाकर इसकी जानकारी लोगों को दी। पता चला कि गांव के ही रामू प्रसाद का पुत्र पांचू (22) जो धौहा स्थित एक सरिया फैक्ट्री में ठेकेदारी के अंतर्गत काम करता है। वह रविवार की शाम घर से फैक्ट्री के लिए निकला था और सोमवार की भोर तक वह घर वापस नहीं आया। परिजनों ने बाइक के पास ही युवक के चप्पल देखकर पहचान की। पिता रामू प्रसाद ने बताया कि युवक की शादी 23 अप्रैल को होनी थी। वह रामललित महाविद्यालय में स्नातक का छात्र भी था।