विंध्याचल। थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव के संकठा मंदिर के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से मंगलवार की सुबह नौ बजे 13 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही भारी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। उधर घटना के बाद ट्रैक्टर मालिक ने दबाव बना कर परिजनों से समझौता करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा कर परिजनों को दे दिया।
बनवारीपुर गांव निवासी रामानंद निषाद 13 वर्ष पुत्र केदार नाथ क्षेत्र के विंध्य विद्यापीठ इंटर कॉलेज में कक्षा सात का छात्र था। मंगलवार की सुबह नौ बजे अपने घर से छात्र परीक्षा देने के लिए निकला था। जैसे ही संकठा मंदिर के पास पहुंचा तो पीछे से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने छात्र को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को लोग आनन फानन में सीएचसी विंध्याचल गए। वहां मौजूद डाक्टर संतोष कुुमार ने छात्र की स्थित नाजुक देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से लेकर किशोर को जिला चिकित्सालय आ रहे थे कि किशोर ने रास्ते में दम तोड़ दिया।