जौनपुर। नगर कोतवाली पुलिस ने चोरी की छह बाइक और रिवाल्वर के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मंगलवार को नईगंज तिराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली।
नगर कोतवाल शशिभूषण राय ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिहाज से इनदिनों अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वह अपने हमराहियों के साथ सुबह नईगंज तिराहे के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी पालिटेक्निक चौराहे की ओर से बाइक पर सवार दो लोग आते दिखे। बाइक सवार ने पुलिस को देख दूर से ही बाइक मोड़ ली और भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर पालीटेक्निक चौराहे के पास बाइक चला रहे युवक को पकड़ लिया जबकि पीछे बैठा उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से रिवाल्वर बरामद हुई। जांच की गई तो पता चला कि बाइक पर लगा जो नंबर है वह फर्जी है। युवक से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि बाइक चोरी की है। उसने अपना नाम वीरेंद्र कुमार निवासी मेहरोकला थाना देवगांव आजमगढ़ बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह लाइनबाजार थाना क्षेत्र के तहरपुर निवासी आशीष यादव के साथ मिलकर वाहनों की चोरी करता है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लाइनबाजार थाना क्षेत्र के भूपतिपट्टी स्थित दीपक कुमार पासी के मकान से चोरी की पांच बाइक बरामद की। इसी मकान में वीरेंद्र किराए पर रहता है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में वाहन चोरी के कई केस दर्ज हैं।