अदलहाट। बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक रस्तोगी तालाब से मंगलवार को 20 हजार रुपया निकाल कर घर जा रहे एक साइकल सवार के पैसे को उचक्के छीन कर फरार हो गए। शोरगुल करने पर कुछ लोगों ने उचक्कों का पीछा किया लेकिन पकड़े नहीं जा सके। भुक्तभोगी ने घटना की तहरीर थाने में दे दी है।
घुरहुपुर निवासी अखिलेश सिंह पुत्र पारसनाथ सिह मंगलवार को इलाहाबाद बैंक शाखा रस्तोगी तालाब से पैसा निकालने आए थे। दोपहर बाद वह बैंक से 20 हजार रुपये निकाल कर उसे झोले में रख कर बाहर निकले। बैंक से बाहर निकलने के बाद पैसों से भरे झोले को साइकल की सीट पर रखकर साइकल का ताला खोलने लगे। इसी बीच उचक्के उनके पास आए और झोला लेकर फरार हो गए। साइकल का ताला खोलकर जब सीट पर रखे झोले को उठाना चाहा तो झोला गायब देखकर उनके होश उड़ गए। इधर उधर खोजबीन करते हुए शोर भी मचाया लेकिन वह पकड़े नहीं जा सके। अखिलेश सिंह की तहरीर पर अदलहाट पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।