चुनार। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुसुम्ही इंदरपुर मजरा में मंगलवार की सुबह हाईटेंशन तार की चपेट में आने से चाचा भतीजे की मौत हो गयी। हादसे की खबर लगते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए और बिजली विभाग को फोन कर आपूर्ति बंद कराते हुए पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुबह लगभग 8.30 बजे राजकुमार यादव (45)पुत्र लालजी अपने मकान निर्माण के दौरान बाहर रखे हुए सरिया को ढलाई होने से पूर्व उसे छत के उपर चढ़ा रहा था। इसी दौरान सरिया मकान के पास से गुजरे हाईटेंशन तार से छू गया और उसमें करेंट दौड़ने लगा। राजकुमार भी करेंट की चपेट में आकर तड़फड़ाने लगा। भतीजे को तड़पते देख थोड़ी दूर पर खड़े उसके चाचा कल्लू यादव (65) पुत्र बाबा दौड़कर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास करने लगे। वह भतीजे को छुड़ा तो नहीं पाए लेकिन खुद करेंट की चपेट में आ गए। जिससे दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही पास पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गये। बिजली काटने के लिए विभाग को सूचना देने के साथ ही पुलिस को भी सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना की खबर लगते ही गांव में कोहराम मच गया। बताया जाता है मृतक राजकुमार को एक पुत्र विजय (15) और एक पुत्री मंजू (14)है जो गांव के ही विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ते हैं जबकि कल्लू को चार पुत्र क्रमश: गणेश, दिनेश, रिंकू व सरोज है जिसमें एक पुत्र दिनेश की बीते दिनों जीवनाथपुर इलाके में सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी थी, अन्य तीन पुत्र मजदूरी का कार्य करते हैं।