मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के जंगीरोड लेबर कालोनी के पास सड़क किनारे वेल्डिंग करते समय बुधवार की दोपहर ट्रक की टंकी फटने से वेल्डिंग कर रहे अधेड़ मोईन अंसारी उर्फ भोनू का गला कट गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। टंकी फटने की आवाज से लोग मौके पर पहुंचे तो टंकी दूूर छिटक गई थी और वेल्डिंग करने वाले का शव पड़ा था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के हयात नगर निवासी मोइन अंसारी उर्फ भोनू (52) की जंगीरोड सड़क किनारे लेबर कालोनी मार्ग के नुक्कड़ पर गैस वेल्डिंग की गुमटी है। वह 20 साल से गैस वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे। बुधवार दोपहर वह एक ट्रक की डीजल टंकी की वेल्डिंग कर रहे थे। इस दौरान टंकी तेज धमाके के साथ फट गई। इससे वेल्डिंग कर रहे मोइन अंसारी की गर्दन कट गई। टंकी 15 फीट दूर जा गिरी। संयोग था कि आस-पास कोई और नहीं था। तेज धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर कटरा कोतवाल मनोज ठाकुर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक पांच भाईयों में चौथे नंबर पर है। उसे चार पुत्र और तीन पुत्रियां है। मोइल अंसारी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।