मिर्जापुर। शहर में अवैध बस स्टैंड से विभिन्न रूटों पर चल रही निजी बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर तीन बस समेत 11 वाहनों को सीज किया। इससे बस संचालकों में हड़कंप मचा रहा। उधर उप परिवहन आयुक्त वाराणसी सीपी तिवारी ने गुरुवार को मिर्जापुर का दौरा कर परिवहन कार्यालय में रोडवेज, आरटीओ के अधिकारियों और प्राइवेट बस संचालकों के साथ बैठक कर जून में बिना परमिट और डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही तय हुआ है कि रोडवेज के एक किमी. के दायरे में प्राइवेट वाहन स्टैंड नहीं चलाया जाए।
अमर उजाला के चार जून के अंक में प्रकाशित खबर ‘रोडवेज को प्रतिदिन एक लाख का घाटा’ खबर का संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। इन दिनों राष्ट्रीय कृत मार्गों पर मिर्जापुर से सोनभद्र, मिर्जापुर से वाराणसी, इलाहाबाद, हनुमना मार्ग पर प्राइवेट वाहन बिना परमिट के चल रहे है। यही नहीं सुप्रीम कोर्ट के आदेश को भी दरकिनार करते हुए रोडवेज परिसर के पास एक किमी के दायरे में प्राइवेट स्टैंड का संचालन हो रहा है। रोडवेज परिसर के पास तीन से चार अवैध स्टैंड से बस, जीप व अन्य वाहन मिलाकर डेढ़ सौ से अधिक बिना परमिट के वाहनों का संचालन हो रहा है। उप परिवहन आयुक्त वाराणसी सीपी तिवारी ने खबर का संज्ञान लिया और उन्होंने गुरुवार को मिर्जापुर का दौरा किया। इस दौरान इस उन्होंने परिवहन कार्यालय में रोडवेज, आरटीओ के अधिकारियों और प्राइवेट बस संचालकों के साथ बैठक किया। उन्होंने जून माह में बिना परमिट और डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। प्राइवेट बस संचालकों को बिना परमिट के वाहन न चलाने का निर्देश देने के साथ अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। बैठक में आरटीओ प्रशासन केबी सिंह, एआरटीओ प्रशासन अल्का शुुक्ला, आरटीओ प्रवर्तन ओपी सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सीबी राम आदि रहे। इस क्रम में एआरएम सीबी राम और पीटीओ रामसागर ने अभियान चलाकर करनपुर से एक और बरकछा से दो बस और आठ जीप को बिना परमिट के यात्रियों को ले जाने पर सीज कर दिया। इसके साथ ही 11 वाहनों का चालन कर हिदायत दिया।