कछवां। थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव के पास बुधवार की देर रात डंपर से कुचलकर युवक की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ गुरुवार की सुबह भी मामले को दबने नहीं दिया। गुरुवार की सुबह भी ग्रामीणों ने आधे घंटे सड़क जाम किया। लोगों की मांग पर पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया। हालांकि डंपर को आग लगाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। उधर पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद सुरक्षा में बरैनी घाट पर अंतिम संस्कार कराया।
कछवां थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव निवासी 23 वर्षीय नानक गौतम पुत्र शिवलाल गौतम सड़क किनारे कछवां की तरफ आते समय तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया। इससे मौके पर ही नानक की मौत हो गई। मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर कछवां बाजार-कछवां रोड जाम कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने रास्तेे से गुजर रहे तीन डंपर को रोक कर आग लगा दिया। जाम और डंपर जलने की सूचना पर थाना प्रभारी मनोज सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुुंचे पर ग्रामीण डीएम के आने की मांग को लेकर अड़े रहे। रात में एसडीएम सदर गौरव श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों से उनकी भी नोकझोंक हो गई। ग्रामीण मुआवजे और कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने आरोपित चालक जयशंकर पाल पुत्र अमर बहादुर पाल निवासी गद्देरपुर मडियाहू जौनपुर को गिरफ्तार कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर रात 11 बजे जाम समाप्त हुुआ। सुबह आठ बजे फिर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। थाना प्रभारी के आश्वासन पर ग्रामीण माने। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने बरैनी घाट पर सुरक्षा में अंतिम संस्कार कराया। मृतक के चाचा लालचंद के तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।