कछवां। थाना क्षेत्र के बरैनी पक्का पुल पर मंगलवार की भोर में तीन बजे मैजिक सवार पोल्ट्री फार्म मालिक से बोलेरो सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर एक लाख 30 हजार नकदी, तीन मोबाइल और लाइसेंस लूट लिया। पोल्ट्री फार्म मालिक ने डायल 100 से मदद मांगी, पर मिली नहीं। इस पर कछवां थाने जाकर सूचना दी। इसके बाद कछवां और देहात कोतवाली की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। सूचना पर एएसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय ने क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मामले की जांच की।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के छोटा मिर्जापुर निवासी असगर, अपने साथ शाहिद व चालक जैनूद्दीन निवासी रतनगंज प्यारेलाल की गली के साथ मंगलवार की भोर में मैजिक लेकर कछवां रोड मुर्गी का चूजा लेने के लिए जा रहे थे। मैजिक जौसरा गांव के पास भटौली पक्का पुल की ओर मुड़ी तभी एक बिना नंबर प्लेट की बोलेरो उसके आगे चलने लगी। मैजिक कछवां की ओर बरैनी पुल पर पहुंची तो बोलेरो वालों ने गाड़ी आगे खड़ाकर मैजिक को रोका। इसके बाद उसमें से उतरे बदमाशों ने तमंचा सटाकर तीनों के मोबाइल और चालक का लाइसेंस ले लिया। इसके बाद गाड़ी के डिकी की तलाश ली और बारी-बारी से तीनों की भी तलाशी ली। इस दौरान असगर के पास रखा एक लाख 30 हजार रुपया लेकर बदमाश वाराणसी की ओर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद मैजिक सवारों ने पीछे आकर खड़ी यूपी 100 डायल से मदद मांगी, मदद न मिलने पर कछवां थाने गए। एएसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय, देहात कोतवाल अभय सिंह, व क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन किया। एएसपी सिटी, प्रकाश स्वरूप पांडेय ने कहा कि व्यवसायी से लूट मामले की जांच की जा रही है। देहात कोतवाली, कछवां पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया गया है।