मिर्जापुर। लालगंज से बहन का तिलक लेकर बरकछा जा रहे भाई की बाइक लालगंज थाना क्षेत्र के बस्तरा मोड़ के पास बुधवार को खंभे में टकरा गई इससे वाहन चालक भाई की मौत हो गई जबकि उसके दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भेजवाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर लगते ही घर में कोहराम मच गया।
हलिया थाना क्षेत्र के हथेड़ा पुरवा गांव निवासी रविंद्र यादव 24 वर्ष पुत्र जगनारायण को बहन का तिलक लेकर बुधवार को बरकछा जाना था। परिवार के सभी सदस्य तिलकोत्सव की तैयारी में जुटे थे। सुबह करीब दस बजे सभी घर से तिलक लेकर निकले। रविंद्र भी बहन के तिलक में शामिल होने के लिए अपने बड़े पिता के पुत्र गोविंद 22 वर्ष पुत्र चंद्रमणि और सचिन 28 वर्ष पुत्र सभानारायण के साथ एक बाइक पर सवार होकर घर से निकला। बाइक सवार युवक जैसे ही लालगंज थाना क्षेत्र के बस्तरा मोड़ के पास पहुंचे कि उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से जा कर टकरा गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को आनन फानन में जिला चिकित्सालय ले गई। वहां देखते ही रविंद्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि गोविंद और सचिन को भर्ती कर लिया। उधर घटना खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया।