बड़ा बाईपास पर रजऊ चौकी के पास टैंकर ने बाइक सवार जीजा-साले को रौंद दिया। दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बिथरीचैनपुर थाने की पुलिस ने निजी एंबुलेंस में दोनों को अस्पताल भेजना चाहा, लेकिन दोनों की सांसें थम चुकी थी। पुलिस ने शिनाख्त के बाद दोनों के पूरनपुर स्थित परिवार को सूचित करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरनपुर से राजेश (40) अपने साले हैप्पी (23) पुत्र रामदास निवासी पुरनपुर बाइक पर फरीदपुर के लिए आ रहे थे। बुधवार रात करीब 11 बजे पीछे से आ रहे एक कैंटर ने टहाताजपुर गांव के पास उनकी बाइक को टक्कर मारी। जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। जिसके बाद तेज गति से चल रहा टैंकर उनके ऊपर चढ़ गया। जिसके बाद टैंकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन दोनों को पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों की पहचान चालक सिद्ध नाथ और हेल्पर सूजित निवासी लालकुआं सामने आई है। दोनों ने बताया कि वह माल खाली करके टीपीनगर आ रहे थे। पुलिस ने टैंकर को भी जब्त कर लिया है। टैंकर चालक ने शराब तो नहीं पी, इसके लिए उसको जिला अस्पताल भेजकर मेडिकल कराया गया।