ड्रमंडगंज। रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बेलन बरौधा अंतर्गत कोठी खुर्द गांव के सीवान में बुधवार की शाम जामुन के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकते मिले शव की शिनाख्त हो गई है। गुरुवार की सुबह मृतक की पहचान हलिया थाना क्षेत्र के अमहा नौगवां गांव निवासी संतोष पटेल 45 के रूप में की गई है। मृतक के शिनाख्त की कार्रवाई पूरी होते ही पुलिस ने पंचनामा कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है। परिवार ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
चौकी प्रभारी बरौधा राजेश कुमार यादव ने बताया कि बुधवार शाम से ही पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयत्नशील रहे। इसी दौरान घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने शव को देखने के बाद बताया कि मृतक अमहा नौगवां निवासी स्व. गिरिजाशंकर पटेल का पुत्र है। इसके बाद पुलिस ने मृतक के घर सूचना भेजा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मृतक के परिजन शव को देखते ही रोने बिलखने लगे। परिजनों द्वारा मिली जानकारी के आधार पर चौकी प्रभारी का कहना है कि मृतक के छोटे भाई संजय पटेल ने बताया कि संतोष पटेल बुधवार को ही घर में हुई कुछ मामूली कहासुनी के बाद नाराज होकर घर से चला गया था । परिजनों के मुताबिक पहले भी संतोष कई बार छोटी छोटी बातों पर नाराज होकर किसी रिश्तेदारी में चला जाता रहा। दो चार दिन बाद गुस्सा शांत होने के बाद घर वापस आ जाता था। मृतक संतोष पटेल को एक पुत्र और दो पुत्रियां है।