मड़िहान। उपस्थिति पंजिका अपने पास रखने के विवाद में प्रिंसिपल की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं को शांतिभंग में पाबंद कर दिया। सभी को एसडीएम न्यायालय से मुचलके पर रिहा किया गया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय बालिका विद्यालय में कुछ शिक्षिकाओं को प्रिंसिपल ऋचा पांडेय ने अनुपस्थित किया तो दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। नाराज शिक्षिकाओं ने गोलबंद होकर एक माह पूर्व 31अगस्त को प्रिंसिपल को कक्ष में बंधक बना लिया था। विरोध करने पर मारपीट की नौबत आ गयी थी। इसके बाद प्रिंसिपल ऋचा पांडेय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया था। बीच में पुलिस द्वारा समझौता कराने का प्रयास विफल रहा। विद्यालय में जांच के बाद मामला सही पाए जाने पर पुलिस ने प्रिंसिपल पांडेय तथा दूसरे पक्ष से स्वाति सिंह, अनामिका ओझा, सुनीता सिंह व दीपिका पांडेय को शांति भंग करने के आरोप में कार्यवाई के लिए एसडीएम न्यायालय में भेज दिया। आदेश मिलने के पर पुलिस ने पाबंद कर शिक्षिकाओं को सम्मन तामील करा दिया। हालांकि अधिवक्ता द्वारा मुचलके पर रिहा करने की फाइल न्यायालय में पेश की गई।