अदलहाट। क्षेत्र में एक माह के अंदर साइबर क्राइम करने वाले कोड पूछ कर लोगों के खातो से लाखों रुपये निकाल चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस किसी भी मामले में कुछ नहीं कर पाई। इतना ही नहीं इलाके में छिनैती की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। उचक्के बैंकों से पैसा निकालने वालों से रुपये छीन कर भाग जा रहे हैं।
साइबर क्राइम करने वाले अपराधी गौरही निवासी अशोक मौर्या के मोबाइल पर फोन कर उनके एटीएम का कोड पूछ कर यूनियन बैंक शाखा अदलहाट से एक लाख 92 हजार रुपये निकाल लिए। ओड़ी के केशव प्रसाद सिंह के खाते से एक लाख लाख 82 हजार रुपये का ऑनलाइन खरीदारी कर ली गई। अध्यापक औनिंद्र पांडेय के बैंक आफ बड़ौदा अदलहाट के खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। यूनियन बैंक की शाखा अदलहाट से ही गरौड़ी गांव निवासी शकील अहमद का एटीएम से 25 हजार रुपया निकाल लिया गया। विक्रमा सिंह से उचक्कों ने कस्बे के निकट बरेंव रोड पर दिन दहाड़े 25 हजार रुपये छीन लिए। कुछ दिन पूर्व बरेंव गांव के एक व्यक्ति की साइकल में टंगे झोले में रखा 30 हजार रुपये उचक्के ले गए। जिला सहकारी बैंक अदलहाट से निकाल कर जा रहे बनौली गांव के एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये की उचक्कागिरी हुई। बैंक आफ बड़ौदा शाखा नरायनपुर से भरूहियां के किसान सुक्खू के खाते से एक लाख 24 हजार रुपया बैंक कर्मचारियों के मिलीभगत निकाल लिया गया। सुक्खू की तहरीर पर अदलहाट पुलिस ने बैंक प्रबंधक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा किया है। 27 अगस्त को इलाहाबाद बैंक शाखा कोलना से ग्राम कोलना निवासी रवींद्र नाथ सिंह से बैंक कर्मचारी बता कर कि उनका एटीएम कार्ड नंबर पूछते हुए ठगों ने खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। इस तरह के मामलोें का खुलासा पुलिस नहीं कर पा रही है और अपराधी पकड़ से बाहर हैं।