विंध्याचल। थाना क्षेत्र के गजिया बस्ती में शुक्रवार की रात चोरों ने एक बंद पड़े कमरे का ताला चटकाकर बाइक, आभूषण समेत तीन लाख का सामान उठा ले गए। मुहल्ले के लोगों ने सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित नान्हक के रिश्तेदार को घटना के बारे में बताया। पीड़ित परिवार के रिश्तेदार ने पुलिस को सूचना दी।
गजिया बस्ती निवासी नान्हक हुसैन पुत्र नजीर मोहम्मद परिवार के साथ पूना में रहते हैं। नान्हक किसी कंपनी में काम करते हैं। दो तीन महीने पर घर आता रहते है। इन दिनों वह परिवार के साथ पूना में हैं और उनके मकान में ताला बंद था। चोर शुक्रवार की रात उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। पूूरे मकान को खंगालते हुए आलमारी में रखा सोने का मांग टीका ,नथिया, मंगलसूत्र, छागल तथा मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान चोर उठा ले गए। सुबह होने पर मोहल्ले के लोगों ने दरवाजा खुला देखा तो नान्हक के रिश्तेदारों को सूचना दी। जानकारी होने पर पहुंचे रिश्तेदारों ने इसकी सूचना विन्ध्याचल थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह को दिया गया। मौके पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की। गृहस्वामी के ससुर की तहरीर के आधार पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। ससुर ने ही फोन पर घटना की जानकारी बेटी और दामाद को दी।