मड़िहान। क्षेत्र के राजापुर गांव के एक युवक का शव शनिवार को ढेकवाह जंगल में मिला। युवक दो दिनों से लापता था। चरवाहों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। परिवार के लोगों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
राजापुर गांव के चरवाहे शनिवार की दोपहर ठेकवाह जंगल में गए थे। इसी दौरान उन्होंने राजापुर गांव निवासी बासदेव पुत्र मुन्नीलाल कोल का शव देखा। शव के बगल में उसकी बाइक पड़ी थी। ग्रामीणों का अनुमान था कि बाइक से गिरकर युवक की मौत हुई होगी। पहचान के बाद ग्रामीणों की सूचना पर परिजन रोते बिलखते घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। परिवार के लोगों का कहना है कि बासदेव अपने साथियों के साथ शुक्रवार को जंगल में दावत खाने गया था। साथी तो उसी दिन वापस घर आ गए लेकिन बासदेव वापस नहीं आया। चर्चा है कि ढेकवाह गांव में एक व्यक्ति के घर जाता था और वहीं चला गया होगा।