अमर उजाला ब्यूरो
अहरौरा। शुक्रवार रात क्षेत्र के हनुमान घाटी के पास एक ट्रक चालक से बाइक सवार दो युवकों ने तीस हजार रुपये की छिनैती कर ली। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी चालक को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
गाजीपुर जमानिया निवासी केशव प्रसाद उर्फ लालू सोनभद्र डाला से ट्रक में गिट्टी लोड कर वाराणसी जा रहा था। अहरौरा थाना क्षेत्र के हनुमान पहाड़ी पर शुक्रवार की रात ट्रक चालक जैसे ही हनुमान घाटी के पास पहुंचा कि तभी पीछा कर रहे बाइकसवार युवकों ने ट्रक को ओवर टेक कर चालक से पिछले टायर में गिट्टी फंसे होने की बात कही। इस पर ट्रक खड़ा कर चालक नीचे उतर गया। चालक जब तक कुछ समझ पाता, दोनों युवकों ने उसके लोअर की जेब से तीस हजार निकाल लिए। आरोपी शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना की जानकारी चालक द्वारा पुलिस को दी गयी। वहीं इस संदर्भ में थानाध्यक्ष मनोज ठाकुर ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इंकार किया।
ट्रक चालक से तीस हजार रुपये की छिनैती