कलकलिया नदी पर बनें पुल में दरार।-संवाद।
- फोटो : स्रोत : संस्थान
अदलहाट। पचेंगड़ा गांव के सामने अदलहाट-इमिलियाचट्टी जरगो मार्ग पर स्थित कलकलिया नदी के ऊपर 2.93 करोड़ की लागत से बने पुल के अप और डाउन दोनों लेन में दरार आ गई है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य पर सवाल उठाया है। मामले में डीएम से निर्मित पुल की मानक व गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
जरगो फीडर के सर्विस लेन पर पचेगड़ा गांव के पास कलकलिया नदी पर द्वितीय पंचवर्षीय योजना के तहत 1956 में पुल का निर्माण कराया गया था। जो दो साल पहले बड़े वाहनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था।
इसके समानांतर लोक निर्माण विभाग की ओर से 40 मीटर लंबे पुल में 10-10 मीटर की दूरी पर पांच पिलर पर ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए 2.93 करोड़ की लागत से कुछ महीने पहले ही नये पुल का निर्माण कराया गया है।
पुल के दोनों ओर मोरन फेंककर आवागमन प्रारंभ कर दिया गया है। लेकिन दो दिन पहले नये पुल के अप और डाउन दोनों तरफ पतली दरार आ गई है। गांव के सत्येंद्र सिंह, प्रदीप पटेल, पवन सिंह, निराले सिंह, सौरभ सिंह, विनोद सिंह ने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।