मिर्जापुर जिले में कोरोना बेकाबू होता जा रहा। गुरुवार को स्टाफ नर्स सहित तीन की मौत हो गई। चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, इसमें मरने वाले दोनों की भी रिपोर्ट है। जबकि 11 जुलाई को स्टॉफ नर्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिले में संक्रमितों की संख्या 270 पहुंच गई। अब तक 14 लोगों के स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। इसके बाद स्वस्थ होकर घर जाने वालों की संख्या 166 हो गई है। एक्टिव केस 95 हैैं। गुरुवार को तीन की मौत के बाद जिले में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या सात हो गई है।
जिले में लगातार 18वें दिन कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। बीते तीन दिनों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में कमी आई है। जहां एक-एक दिन में 15 से 20 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। बीते तीन दिनों में 14 लोग पाजिटिव मिले हैं। सीएमओ डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि गुरुवार को 227 लोगों की रिपोर्ट आई। इसमें चार की रिपोर्ट पाजिटिव और अन्य की निगेटिव है।
जिन चार की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। उसमें चेतगंज नटवा निवासी पुरुष, तहसील रोड महुवरियां निवासी वृद्धा, पक्का पुल लालबाग कालोनी निवासी वृद्ध और बाग कुंजल गिर निवासी वृद्ध है। इसमें तहसील रोड महुवरियां निवासी वृद्धा की कानपुर मेडिकल कालेज में बुधवार की रात को मौत हो गई थी और पक्का पुल लालबाग कालोनी निवासी वृद्ध की बुधवार की रात बीएचयू में मौत हुई।
पड़री पीएचसी निवासी स्टाफ नर्स की 11 जुलाई को रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। उसकी भी बुधवार की रात को बीएचयू में मौत हुई है। गुरुवार को जिले से 13 और एक अन्य जिले में भर्ती मिर्जापुर निवासी को डिस्चार्ज किया गया है।
इसमें एक महिला इंस्पेक्टर, छह पुलिसकर्मी, सुरेखापुरम निवासी एक महिला, एक पुरुष,मकरी खोह निवासी एक पुरुष, गंगाउत निवासी एक पुरुष, आवास विकास कालोनी निवासी एक पुरुष, सिटी कोतवाली का एक सिपाही, व लरवक कछवां निवासी एक पमुरुष की छुट्टी की गई है। जिले से 305 लोगों का सैंपल लिया गया। जिले से अब तक 10 हजार 336 लोगों का सैंपल लिया जा चुका है।