नगर में सद्बुद्धि पदयात्रा निकालते कांग्रेस कार्यकर्ता, सोशल मीडिया
मिर्जापुर। जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंगलवार को अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा मिशन कंपाउंड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से शुरू होकर कचहरी व अस्पताल होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंची। वहां हनुमान चालीसा का पाठ कर पदयात्रा का समापन किया गया।
इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. शिवकुमार सिंह पटेल ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा और चंदे की चोरी से यह साफ साबित होता है कि भाजपा के लोग कहते हैं कि हिंदू धर्म खतरे में है, जबकि हिंदू धर्म खतरे में नहीं है, इनका धंधा खतरे में है। उन्होंने कहा कि यह चोरी पूरे देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में देश को शर्मसार करने वाली है। यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को आहत करने वाली घटना है। सभा में मांग की गई कि आस्था से जुड़ी घटना की उच्च न्यायालय के सिटिंग जज से निष्पक्ष जांच कराई जाए, ट्रस्ट को तत्काल भंग किया जाए। चारों पीठों के परमपूज्य शंकराचार्यों एवं श्रीराम मंदिर के सम्मानित महंतों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाए।
अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर व पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी करने वालों को क्यों बचा रही है।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक उर्फ राजन पाठक ने कहा कि प्रभु राम के मंदिर में चढ़ावा चोरी हुई है और भाजपा सरकार के इशारे पर चढ़ावा चोरों को बचाया जा रहा है।