लालगंज। लालगंज क्षेत्र की सात साधन सहकारी समितियों पर 15 दिन से ताला लटकने से किसानों के सामने खाद और बीज का संकट गहरा गया है। रबी की बोआई के महत्वपूर्ण समय में समितियों का कामकाज ठप होने से गेहूं चना, मटर, सरसों और मसूर की खेती प्रभावित हो रही है।
जिले की साधन सहकारी समितियों के प्रभारी और कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। क्षेत्र के किसान महेश, दशरथ, रामधनी, प्रभाकर, आफताब आलम, राजीव यादव, हरिओम मौर्य, रामधारी, लालमणि पांडेय, केशवानंद, आद्या सिंह, पटेल, अच्छे खान, अनीस अहमद, किसान नेता भगवान दास सिंह पटेल, कुणाल पटेल, रामकांत पटेल और देवेंद्र पटेल ने कहा कि खेती के अहम समय में समितियों का बंद रहना किसानों के हित में नहीं है। एडीओ कोऑपरेटिव संजय सिंह ने बताया कि हड़ताल शीघ्र समाप्त होने पर सभी व्यवस्थाएं सामान्य हो जाएंगी।