मिर्जापुर। मंडलायुक्त प्रीति शुक्ला ने शनिवार को मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर के नवीन भवन का निरीक्षण कर कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
बेड, आईसीयू, आक्सीजन, वेंटीलेटर एवं अन्य उपकरणों के संबंध में अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ओपी तिवारी के साथ चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि एल-3 के लिये 10 बेड आईसीयू एवं 30 सामान्य बेड कुल 40 बेड के लिये तैयारियां की जा रही है। जिला अस्पताल के विभिन्न कक्षों का भी निरीक्षण किया गया। इसके बाद मंडलायुक्त ने अधिकारियों के साथ क्वारंटीन सेंटर शिवलोक श्रीनेत शिक्षण संस्थान पड़री का भी निरीक्षण किया गया। वहां पर चिकित्सकों के द्वारा किये जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण, राशन वितरण काउंटर एवं राशन किट आदि का निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि क्वारंटीन सेंटर में जो भी प्रवासी आये, उनका नाम व पता तथा मोबाइल नंबर अवश्य नोट किया जाये तथा उनका पूरा विवरण रखा जाये। किचन के रसोइयों से वार्ता कर व आये हुए कई प्रवासी से भी मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। उनके साथ आईजी पीयूष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल व पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह भी थे।