मिर्जापुर। बरसात का मौसम शुरू होते ही रेनकोट, तिरपाल और रंग-बिरंगे छाते दुकानों में सज गए हैं। छात्र-छात्राएं और महिलाएं कार्टून प्रिंट वाले छाते ज्यादा पसंद कर रही हैं। स्पाइडरमैन वाला छाता बच्चों को खूब लुभा रहा है। वहीं युवाओं को ध्यान में रखते हुए तीन फोल्ड वाले स्टाइलिश छाते भी खूब बिक रहे हैं।
नगर के वासलीगंज, आर्यकन्या रोड, तेलियागंज, घंटाघर, मुकेरी बाजार, बथुआ में छातों और रेनकोट की बिक्री में तेजी देखी जा रही है। फुटकर दुकानदारों का कहना है कि इस बार छातों को लेकर पहले से ही ग्राहकों की पूछताछ बढ़ गई है। बथुआ निवासी दुकानदार गोपाल ने बताया कि साधारण छाता से लेकर बच्चों के छाते 150 से 200 रुपये में बिक रहे हैं।
बसनई बाजार निवासी रमेश गुप्ता का कहना है कि ग्राहक दो और तीन फोल्ड वाला छाता पसंद कर रहे हैं। जो बाजार में 200 रुपये और 250 रुपये में उपलब्ध है। बारिश के मौसम में मड़ई, मड़हा में पानी टपकने से बचाव के लिए मुकेरी बजार सहित सिविल लाइन में प्लास्टिक के तिरपाल की दुकानों पर ग्राहक पहुंच रहे हैं। बाजार में हर साइज के तिरपाल मौजूद हैं।