मिर्जापुर। कछवां थाना क्षेत्र के सबेसर गांव के सामने सड़क पार कर रहे लूना सवार को बचाने के चक्कर में जायलो और पिकअप में भिड़ंत हो गई। वाहनों की चपेट में आने से लूना सवार की मौके पर मौत हो गई जबकि 18 लोग घायल हो गए। पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के कुछ लोग चुनार से दवा लेकर पिकअप से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कछवां से चुनार की तरफ जा रही जाइलो में 10 लोग सवार थे। सबेसर गांव में सड़क पार कर रहे लूना सवार को बचाने के चक्कर में जाइलो अनियंत्रित होकर पिकअप से टकरा गई। इसी दौरान वाहनों की चपेट में आकर लूना सवार कछवां थाना क्षेत्र के बिदापुर गांव निवासी रेलवे से सेवानिवृत्ति सीनियर टेक्नीशियन गौरी शंकर (71) की मौके पर मौत हो गई। वहीं, दोनों वाहनों में सवार 18 लोग घायल हो गए। पिकअप सवार घायलों में पुष्पा सोनी, निवासी गोपीगंज भदोही, शिताबी, राजेश निवासी जखांव गोपीगंज, मीना, इसरावती, फुलेरा देवी, नगीना देवी निवासी रायपुरिया गोपीगंज, सीता ककरीखुर्द भदोही, रीना कंचनपुर भदोही के अलावा दौलतपुर मछली की रहने वाली निर्मला शामिल हैं।
वहीं, जाइलो में सवार जौनपुर जिले के गोपालपुर निवासी इरफान, मुशकियावन, जयबुननिशा और बबलू समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी लोग जलालपुर गांव में शादी में शामिल होने आ रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। खिताबी देवी, इसरावती, पुष्पा देवी, नगीना, राजेश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, जाइलो सवार इलाज कराने के बाद जलालपुर चले गए।
कोट्स-
लूना सवार को बचाने के चक्कर में जाइलो और पिकअप में टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। उन्हें कछवां स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों को मंडलीय अस्पताल भेजा गया। - अमर बहादुर, सीओ सदर