जिले में गुरुवार की दोपहर में हुई बारिश से जहां मौसम खुशगवार हो गया, वहीं जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। जलभराव से आवाजाही प्रभावित हुई। घंटाभर हुई बारिश से जहां क्षतिग्रस्त और जाम नालियां उफान मारने लगीं, वहीं पानी सड़कों पर बहने लगा। इसके चलते कई जगह जाम की स्थिति पैदा हो गई। कीचड़ और फिसलन से भी लोग दो चार हुए।
दोपहर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। जमकर बारिश हुई तो सब तरफ पानी ही पानी हो गया। जहां मौसम सुहाना हो गया, वहीं तापमान लुढ़कने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली, लेकिन जगह-जगह हुए जलभराव से लोग परेशान भी दिखाई दिए। बारिश से नगर क्षेत्र के बेलतर, आर्यकन्या रोड, मुकेरी बाजार, संगमोहाल, भटवा की पोखरी, पेहटी का चौराहा, पुतलीघर, हयात नगर, देवपुरवा, भैसहिया टोला, सबरी, पांडेयपुर, पुलिस लाइन सहित कई सरकारी व अर्धसरकारी भवनों के परिसर में जलभराव हो गया। पालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते नगर सहित विंध्याचल की क्षतिग्रस्त नालियों को दुरुस्त नहीं कराए जाने से यह ओवरफ्लो करने लगी, जिससे गंदा पानी सड़क पर फैल गया। इसके चलते जाम लग जाने से आवागमन प्रभावित हो गया। गलियों में कीचड़ और फिसलन से लोग दो चार हुए। सड़कों पर कई साइकिल सवार और दुपरिया वाहन सवार गिरकर चोटिल हुए। पालिका प्रशासन की उदासीनता का खामियाजा नागरिकों को भुगतना पड़ा।
बारिश के बाद नगरीय इलाकों सहित विंध्याचल के कई इलाकों महुवरिया हास्टल के पीछे सहित पांडेयपुर, आवास विकास कालोनी, सुरेकापुरम कालोनी, रमईपट्टी, भटवा की पोखरी, नटवां, हयातनगर, सबरी, आर्यकन्या रोड, बेलतर, पेहटी चौराहा आदि स्थानों पर पानी निकलने में घंटो लग गए।