नरायनपुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के वाराणसी-मिर्जापुर हाईवे के सर्विस रोड पर शेरपुर गांव के सामने मंगलवार को रात में ट्रैक्टर की चपेट में आने से घर के सामने खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पिटाई कर दी। ट्रैक्टर चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शेरपुर गांव निवासी अनुराग चौधरी का पांच वर्षीय पुत्र आर्यन घर के सामने खेल रहा था। इस बीच ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए नरायनपुर के किसी अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रैक्टर चालक नई बस्ती शेरपुर का निवासी है। आर्यन दो भाइयों में बड़ा था। पिता अनुराग चौधरी रैपुरिया स्थित श्मशान घाट पर शवदाह का काम करके परिवार के सदस्यों का भरण-पोषण करते हैं। चौकी प्रभारी नरायनपुर जयदीप सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता अनुराग चौधरी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अदलहाट थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया ट्रैक्टर की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।