कलवारी। गोरथरा गांव में घर के पास खेलते समय एक बालक पानी भरे गड्ढे में गिर गया। उसे खोजबीन कर निकालकर परिजन डाॅक्टर के पास ले गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गोरथरा गांव निवासी राम आशीष मौर्य का सात वर्षीय पुत्र अश्विन घर के दरवाजे के पास खेल रहा था। खेलते समय वह घर के सामने ही खोदे गए गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में पानी भरा ता। बहुत देर तक नहीं दिखाई पड़ने पर घर वाले खोजने लगे। खोजबीन के बाद भी जब पता नहीं चला तो पिता राम आशीष मौर्य को गड्ढे में गिरने की आशंका हुई। उन्होंने पड़ोस के एक व्यक्ति को बुलाकर गड्ढे में उतारकर देखवाया तो बालक उसी गड्ढे में मिला। परिजन उसे कलवारी के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। राम आशीष मौर्य से दो पुत्र और एक पुत्री हैं। बड़े पुत्र अश्विन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गोरथरा की ग्राम प्रधान पुनीता देवी ने बताया कि गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत हो गई।