संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के अहमलपुर गांव के पास बुधवार की शाम मैजिक की टक्कर से बच्चे की मौत हो गई। मैजिक चालक बच्चे के शव को उसके घर पर छोड़कर भाग गया।
इससे आक्रोशित लोगों ने चालक की मड़ई में आग लगा दी और सड़क पर जाम कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस में जाम समाप्त कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बच्चे के परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अहमलपुर में चंद्रशेखर का बेटा विशाल (10) शाम को घर के पास खेल रहा था। इसी बीच गांव का महेंद्र यादव अपनी मैजिक लेकर पहुंचा। गली में मुड़ते समय विशाल को टक्कर मारते हुए मैजिक मड़ई में घुस गई। हादसे में विशाल की मौत हो गई। इसके बाद मैजिक चालक शव को उसके घर पर छोड़कर भाग गया। आक्रोशित परिजन हंगामा करते हुए उसके घर पर पहुंचे। वहां विवाद होने पर लोगों ने चालक की मड़ई में आग लगा दिया। इसके बाद सड़क जाम कर दी। घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
बच्चे के पिता चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि चालक नशे में था। उसके घर पहुंचे तो विवाद करने लगा और खुद अपनी मड़ई में आग लगाकर भाग गया है।
देहात कोतवाल सदानंद सिंह ने बताया कि मैजिक की टक्कर से बच्चे की मौत हुई है। मृतक के परिजनों ने उसकी मड़ई जला दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।