कछवां। थाना क्षेत्र के आही गांव के पास रविवार की सुबह आंख पर पट्टी बांध कर खेलते समय बालक सड़क पर आ गया। सड़क पर आते ही ट्रैक्टर ने उसे धक्का मार दिया। उसे उपचार के लिए वाराणसी ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम सभा आही तिवारी के पूरा निवासी प्रवीन यादव उर्फ फौजी (12) पुत्र दीप नरायन यादव अपने माता पिता की इकलौता संतान था। वह कक्षा पांच का छात्र था। रविवार की सुबह वह छुट्टी होने के कारण गांव के अन्य बच्चों के साथ आंख पर पट्टी बांधकर आंख-मिचौली खेल रहा था। इस दौरान ईंट लदी ट्रैक्टर गुजर रही थी। उसी समय बालक आंख पर पट्टी को बांधे ही सड़क पार करने लगा। जिससे वह ट्रॉली की चपेट में आ गया। परिजन तत्काल उपचार के लिए वाराणसी ले गए, लेकिन बालक की रास्ते में ही मौत हो गई। बालक की मौत से माता-पिता का रो रो कर हाल बेहाल है। पिता दीप नारायण चालक है। थानाध्यक्ष रामस्वरूप वर्मा का कहना है कि बालक के परिवार के लोग इलाज करवाने वाराणसी ले गए थे। बच्चे की मौत होने पर बिना सूचना दिए ही घाट पर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।